मेहरमा। ग्रामीण विकास विभाग एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सोमवार को मेहरमा प्रखंड के खिरौंधी स्थित अपने आवास पर महागामा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे लोगों की जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग अपनी-अपनी समस्याएं लेकर मंत्री के पास पहुंचे और उन्हें क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
मंत्री ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्रवासियों की समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखकर आवश्यक पहल की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि महागामा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर जनसुविधाओं और आमजनों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। जनता की जरूरतों और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी, आवास, नाली, पेंशन समेत विभिन्न स्थानीय समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए लोगों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मौके पर स्थानीय लोग और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।



















