राजमहल : थाना क्षेत्र के मंडई सुखार फाटक निवासी मंसूर शेख के घर में अज्ञात चोरों ने घुसकर नकदी, जेवरात और मोबाइल फोन की चोरी कर ली। घटना 19 सितंबर 2026 की देर रात की बतायी जा रही है। घटना के बाद गृहस्वामी ने राजमहल थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नकदी-जेवर और मोबाइल ले उड़े चोर
प्राथमिकी के अनुसार, रात में खाना खाने के बाद मंसूर शेख घर के बाहर बरामदे में सो गये थे, जबकि उनके पुत्र और पुत्री कमरे के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में दाखिल हो गया। चोर ने कमरे में रखे बक्से को खंगाला और उसमें रखे करीब पांच हजार रुपये नकद, डेढ़ भरी सोने एवं चांदी के आभूषण तथा एक मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गया।
सुबह आंख खुली तो बिखरा मिला सामान
सुबह करीब चार बजे मंसूर शेख की नींद खुली तो घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। जांच करने पर बक्से से नकदी, आभूषण और मोबाइल गायब मिले। इसके बाद परिजनों को चोरी की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गयी।
राजमहल थाना पुलिस ने कांड संख्या 324/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोर की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
















