Godda। प्रखंड अंतर्गत कसबा काली मंडप के निर्माण कार्य का शुभारंभ शनिवार को विधि-विधान से पूजा-पाठ के साथ किया गया। निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में उत्साह और हर्ष का माहौल है। महंत यशोधर झा की देखरेख में कंचन मिश्रा द्वारा विधि-विधान से पूजा-पाठ कराया गया। इसके बाद कसबा काली मंडप के बेसमेंट की छत की ढलाई का कार्य प्रारंभ किया गया।
बताया गया कि पुराना मंडप काफी जीर्ण-शीर्ण हो चुका था। इसे देखते हुए ग्रामीणों ने पुराने मंडप को तोड़कर उसके स्थान पर भव्य एवं दिव्य मंदिर निर्माण का संकल्प लिया। मंदिर निर्माण के लिए ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहयोग करना शुरू किया और सहयोग राशि जुटाई गई। इसके बाद मंदिर निर्माण की जिम्मेदारी मुंबई के एक संवेदक को सौंपी गई है। निर्माण कार्य की अनुमानित लागत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
समिति के पदाधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद
निर्माण कार्य के शुभारंभ के अवसर पर समिति अध्यक्ष गौतम कुमार मिश्र, सचिव प्रमोद मिश्र, कोषाध्यक्ष मयंक कुमार मिश्र, सहायक पुजारी आशुतोष मिश्र सहित शिवकुमार मिश्र, देव कुमार मिश्र, अरविंद मिश्र, सुमन कुमार, सुबोध मिश्र, राजेश कुमार बबलू, विभूति नाथ झा, अतुल्य कुमार प्रीतम, कौशल किशोर मिश्र, प्रहलाद झा, श्रीकांत, अजय कुमार और आलोक कुमार झा समेत कई ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने मंदिर निर्माण कार्य को लेकर खुशी जताते हुए कहा कि नए मंदिर के निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों को और बढ़ावा मिलेगा।



















