गोड्डा। मेहरमा प्रखंड क्षेत्र के सिंधाड़ी गांव से 108 फीट लंबी कांवर लेकर निकले कांवरिया दल का धोरीचक स्थित बाबा बासुकीनाथ पेट्रोल पंप पर भव्य स्वागत किया गया। कहलगांव से गंगाजल भरकर निकला कांवरिया दल बाराहाट, मेहरमा और डोय होते हुए धोरीचक पहुंचा। धोरीचक पहुंचने पर दक्षिणी जिला परिषद सदस्य कदमी देवी, जिला परिषद प्रतिनिधि अरुण राम, उत्तरी जिला परिषद सदस्य ज्योति कुमारी, बाबा बासुकीनाथ पेट्रोल पंप के संचालक मयंक कुमार सिन्हा एवं रमेश सिंह की अगुवाई में कांवरियों का स्वागत किया गया।
इस दौरान कांवरियों की सेवा के लिए फल, पानी और शरबत की व्यवस्था की गई। स्थानीय लोगों ने भी सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कांवरियों का उत्साह बढ़ाया।
फीता काटकर रवाना की गई 108 फीट कांवर
स्वागत कार्यक्रम के बाद 108 फीट लंबी कांवर को फीता काटकर आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया। इस दौरान कांवरिया दल में खासा उत्साह देखने को मिला। बाबा भोलेनाथ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कांवर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। स्थानीय लोगों ने भी कांवरियों के प्रति अपनी श्रद्धा और सेवा भाव प्रकट किया।
कार्यक्रम के दौरान रजनीश कुमार सिंह, डिंपल भारती, पप्पू कुमार साह, पीरपैंती प्रमुख गप्पू कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।



















