धनबाद: वासेपुर के भूली मोड़ फायरिंग कांड के बाद आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस की बुधवार देर शाम ईस्ट बसुरिया इलाके में संदिग्ध अपराधियों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग होने की सूचना है। पुलिस की गोली लगने से एक आरोपी के घायल होने की बात सामने आई है। वहीं, घटना के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भूली मोड़ पर हुई फायरिंग की घटना के बाद वारदात में शामिल संदिग्ध आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी बाइक से भागकर ईस्ट बसुरिया की ओर पहुंचे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान पुलिस और संदिग्ध अपराधियों के बीच आमना-सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गोली लगने की सूचना है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाके में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि भूली मोड़ फायरिंग मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
गौरतलब है कि भूली मोड़ पर हुई फायरिंग की घटना में शानू खान, दुकानदार सद्दाम और एक महिला कुमकुम के घायल होने की बात सामने आई थी। इसी मामले की जांच के दौरान ईस्ट बसुरिया में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई है। पुलिस पूरे मामले में आरोपियों की भूमिका और घटना के कारणों की जांच कर रही है।




















