मेहरमा। मेहरमा प्रखंड क्षेत्र के मेहरमा स्थित डाकबंगला के समीप डॉ. भीमराव आंबेडकर अनुसूचित जाति उत्थान संगठन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने, अनुसूचित जाति समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और जरूरतमंद लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संगठन की प्रखंड कार्यकारिणी समिति का गठन भी किया गया। सर्वसम्मति से मुकेश कुमार दास को अध्यक्ष बनाया गया। वहीं संजय दास, कुंदन पासवान, उपेंद्र रविदास और सुबोध दास को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। अमृता कुमारी, मोती दास और उमाशंकर पासवान को महासचिव तथा अरविंद पासवान को सचिव मनोनीत किया गया। कुलदीप मेहतर को कोषाध्यक्ष बनाया गया।
इसके अलावा गौतम पासवान और पप्पू दास को मीडिया प्रभारी तथा नागेश्वर पासवान को प्रखंड विधि-व्यवस्था प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन के सलाहकार के रूप में अरुण दास, रामानंद दास, गुलजारी दास और धर्मेंद्र पासवान का चयन किया गया।
जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के अध्यक्ष मुकेश कुमार दास ने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के कई लोग अब भी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। ऐसे जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संगठन स्तर से पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में संगठन हरसंभव सहयोग करेगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों के समक्ष मुद्दों को उठाया जाएगा।
अध्यक्ष ने बताया कि प्रखंड स्तर पर संगठन के गठन के बाद प्रत्येक पंचायत में भी संगठन का विस्तार किया जाएगा। सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही शोषित और वंचित परिवारों को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में स्नेहलता भारती, वरुण कुमार, हीरालाल दास, पिंकू दास, दिलीप दास, बमबम दास, अनमोल कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



















