साहिबगंज के पेट्रोल पंप डीलरों के बकाये और बरहेट के खाद विक्रेताओं की समस्याएं भी उठाईं
रांची/साहिबगंज। रांची स्थित चैंबर भवन में मंगलवार को फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) की दूसरी कार्यकारिणी बैठक प्रदेश अध्यक्ष तुलसी पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में फेडरेशन के नवनियुक्त पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, विभिन्न प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व अध्यक्ष शामिल हुए। संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के रूप में आकाश पांडेय ने भी बैठक में भाग लिया।
बैठक के दौरान आकाश पांडेय ने खासमहल व्यवस्था को वर्षों पुराना कानून बताते हुए इसके कारण संथाल परगना में औद्योगिक विकास प्रभावित होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने फेडरेशन से इस विषय में हस्तक्षेप करने और झारखंड सरकार के साथ वार्ता कर समस्या के समाधान की दिशा में पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खासमहल व्यवस्था के कारण साहिबगंज समेत संथाल परगना में नए उद्योग स्थापित करने में बाधाएं आती हैं।

इसके अलावा उन्होंने साहिबगंज जिले के पेट्रोल पंप डीलरों के बकाये का मुद्दा भी बैठक में रखा। उनके अनुसार 2019 के लोकसभा और 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान सरकारी वाहनों एवं जनरेटर में इस्तेमाल किए गए डीजल-पेट्रोल का करीब 30 से 36 लाख रुपये भुगतान डीलरों का बकाया है। उन्होंने संबंधित राशि के भुगतान की मांग रखी।
पांडेय ने बरहेट के खुदरा खाद विक्रेताओं की उठाई समस्या
आकाश पांडेय ने बरहेट के खुदरा खाद विक्रेताओं की समस्या भी उठाई। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा यूरिया की निर्धारित कीमत 266.50 रुपये है, जबकि थोक विक्रेताओं द्वारा खुदरा विक्रेताओं को कथित तौर पर 340 से 350 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे छोटे खाद विक्रेताओं को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ को देखते हुए उन्होंने शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने तथा पर्याप्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी, ताकि ग्राहकों और दुकानदारों को जाम से राहत मिले और त्योहारों के दौरान कारोबार सुचारु रूप से चल सके।
















