साहिबगंज: भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय के निर्देश पर साहिबगंज महाविद्यालय के बीएड भवन में गुरुवार को “नशा मुक्ति समाज निर्माण में युवाओं की भूमिका” विषय पर एकदिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम “नशा मुक्त युवा, स्वस्थ युवा, समृद्ध भारत” तथा विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत आयोजित हुआ। क्षेत्रीय निदेशक (पटना) डॉ. विनय कुमार के निर्देश पर एनएसएस इकाई ने कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में साहिबगंज शहरी क्षेत्र के मेडिकल ऑफिसर डॉ. अमित कुमार उपस्थित रहे। महाविद्यालय परिवार की ओर से अंगवस्त्र और पौधा देकर उनका स्वागत किया गया। संबोधन में डॉ. अमित कुमार ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवा अपनी मेहनत की कमाई नशे में खर्च कर अपना भविष्य प्रभावित कर रहे हैं।
प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने कहा कि लाखों युवा यदि एकजुट होकर प्रयास करें तो समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। प्रभारी प्राचार्य डॉ. ध्रुव ज्योति कुमार सिंह ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने में परिवार, स्कूल-कॉलेज और समाज की सामूहिक भूमिका है।
रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार ने युवाओं को खेल, एनएसएस, एनसीसी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जोड़ने पर जोर दिया। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार ने सोशल मीडिया पर नशे से जुड़े आकर्षक विज्ञापनों से सावधान रहने की अपील की।
सेमेस्टर-1 की छात्राओं अंकिता कुमारी, ट्विंकल वर्मा, नताशा कुमारी और बीएड छात्र सौरव कुमार शेखर ने भी नशा मुक्ति विषय पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशा मुक्ति की शपथ ली और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
मंच संचालन प्रो. नितिन कुमार घोष ने किया। मौके पर एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. कुमार प्रशांत भारती, डॉ. प्रिया सिंह, डॉ. अनु सुमन वाड़ा, डॉ. रूपा, प्रो. कोमल कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।















