राजमहल। संवाददाता। शारदीय नवरात्र को लेकर राजमहल क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मां दुर्गा के जयकारे, शंख-घंटे की ध्वनि और ढाक की थाप के बीच प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा को वेदी पर विराजमान कराया गया।
इस दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और संध्या आरती में सैकड़ों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां की आराधना की। प्रखंड क्षेत्र के मंडई पगली दुर्गा मंदिर, मंगलहाट, कल्याणचक, काजीगांव, जामनगर और फूलवरिया सहित विभिन्न सार्वजनिक दुर्गा मंदिरों में पूजा-अर्चना की विशेष तैयारी की गई है।
वहीं, नगर पंचायत क्षेत्र के महाजनटोली दुर्गा मंदिर, तीनपहाड़ मोड़ स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर, रेलवे कॉलोनी गोदारा घाट दुर्गा मंदिर, बर्मन कॉलोनी, हाटपाड़ा, नवाबाजार और मलता बाबा चौक स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिरों के साथ-साथ निजी दुर्गा मंदिरों में भी मां दुर्गा की पूजा पूरे श्रद्धा-भाव से की जा रही है।
पूजा पंडालों में आकर्षक सजावट
नवरात्र को लेकर विभिन्न पूजा समितियों की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। मंदिर परिसरों में आकर्षक एवं भव्य पंडाल बनाए गए हैं। मां दुर्गा के साथ भगवान गणेश, मां लक्ष्मी, माता सरस्वती और भगवान कार्तिकेय की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। मंदिरों में बज रहे माता के भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ पूजा-अर्चना में शामिल हो रहे हैं।
आज सप्तमी को खुलेगा मां दुर्गा का पट
नवरात्र के छठे दिन मंदिरों, पूजा पंडालों और घरों में मां दुर्गा के छठे स्वरूप माता कात्यायनी की पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ पूजा कर सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।
वहीं, सप्तमी तिथि की सुबह नवपत्रिका प्रवेश के बाद मां दुर्गा का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोला जाएगा। इसके साथ ही पूजा पंडालों में मां के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ने की संभावना है।
भक्तिमय माहौल में डूबा राजमहल क्षेत्र
मां दुर्गा की आराधना से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जा रही है। चारों ओर भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है।





















