धनबाद: ऑल इंडिया सबिले हुसैन ट्रस्ट की ओर से शुक्रवार को सम्मान समारोह आयोजित कर बीबीएमकेयू (BBMKU) से गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले शहबाज़ रहबर और अल्तमश अयाज़ को सम्मानित किया गया। दोनों युवाओं की शैक्षणिक उपलब्धि पर ट्रस्ट के सदस्यों ने खुशी जाहिर करते हुए इसे धनबाद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
गौरतलब है कि दोनों युवाओं को एक सप्ताह पूर्व झारखंड के राज्यपाल के हाथों गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया था। उनकी इस सफलता को मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम बताते हुए ऑल इंडिया सबिले हुसैन ट्रस्ट के अध्यक्ष मौलाना आरिफ रज़ा क़ादरी ने प्रसन्नता व्यक्त की।
सम्मान समारोह के दौरान शहबाज़ रहबर और अल्तमश अयाज़ को पवित्र कुरआन, हदीस-ए-नबवी पर आधारित पुस्तकें और शॉल भेंट की गईं। वहीं, ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने दोनों युवाओं को फूलों की माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर मोहम्मद अनवर आलम, इरफान अहमद, आरिफ अली, शाहनवाज़ आलम, नबील अहमद सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में युवाओं की उपलब्धि की सराहना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और समाज का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी गई।





















