मोहनपुर चौक के समीप अहले सुबह हुई वारदात; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र में रविवार की अहले सुबह एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोहनपुर निवासी गौर चंद्र बागती के रूप में बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौर चंद्र बागती रोज की तरह रविवार की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान राधानगर थाना से सटे मोहनपुर चौक के समीप अज्ञात अपराधी ने कथित रूप से धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसडीपीओ राजमहल विमलेश कुमार त्रिपाठी, राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन तथा राधानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ घटना के कारणों और वारदात में शामिल संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का जल्द उद्भेदन कर हत्या में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है। हत्या की परिस्थितियों, आरोपी और घटना के वास्तविक कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।














