तीनपहाड़ (साहिबगंज)। महासप्तमी के पावन अवसर पर शनिवार सुबह 7 बजे तीनपहाड़ सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति की ओर से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 1200 से अधिक कन्याओं और महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर भाग लिया। शोभायात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कलश शोभायात्रा की शुरुआत तीनपहाड़ दुर्गा मंदिर परिसर से हुई। मंदिर में पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों की पूजा कराई। इसके बाद यात्रा मुख्य बाजार, नीचे टोला और बाबूपुर होते हुए रामपुरा नदी तट पहुंची। वहां मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच कन्याओं एवं महिलाओं ने अपने कलशों में पवित्र जल भरा। इसके बाद सभी श्रद्धालु कलश लेकर वापस मंदिर परिसर पहुंचे, जहां इसी पवित्र जल से दुर्गापूजा के मुख्य कलश की स्थापना की गई और विधिवत पूजा-अर्चना शुरू हुई प्रतिभागियों के लिए कलश, नारियल, चुनरी और पूजा सामग्री की व्यवस्था की गई थी। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा





















