तीनपहाड़। दुर्गापूजा को लेकर तीनपहाड़ क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। पूजा पंडालों के साथ-साथ बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। जगह-जगह रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है। शाम होते ही बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ने लगती है।
दुर्गापूजा मेले में बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए तरह-तरह के झूले लगाए गए हैं। बड़े झूलों से लेकर बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटे-छोटे झूले लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। इसके अलावा खिलौने, मिठाई, चाट-पकौड़े और अन्य खाने-पीने की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखी जा रही है।
परिवार के साथ मेला घूमने पहुंच रहे लोग पूजा-अर्चना के साथ खरीदारी और मनोरंजन का आनंद ले रहे हैं। दुकानदारों को भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है। दुर्गापूजा के कारण क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों में मां दुर्गा के दर्शन और मेले का आनंद लेने को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।





















