‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत मंदिर परिसर और आसपास हुई विशेष सफाई, श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने की अपील
कतरास। ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत गुरुवार को धनबाद नगर निगम की ओर से कतरास स्थित प्रसिद्ध मां लिलोरी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मंदिर परिसर की सफाई के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से धनबाद सांसद ढुलू महतो और नगर आयुक्त आशीष गंगवार उपस्थित रहे। दोनों ने नगर निगम के पार्षदों के साथ मंदिर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।
इस दौरान सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद को स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान दिलाना उनका संकल्प है। उन्होंने नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए आम लोगों से सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने में सहयोग की अपील की।
नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले स्वच्छता अभियान के तहत श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए लिलोरी मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना नगर निगम के साथ-साथ आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है।
इस दौरान पचगढ़ी बाजार में नाली निर्माण को लेकर उठ रहे सवालों पर नगर आयुक्त ने कहा कि कुछ संवेदकों द्वारा चालान जमा नहीं किए जाने के कारण उनका भुगतान लंबित है, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि 11 अक्टूबर से पहले नाली निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा।
कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त शिखा गुप्ता, प्रतिभा रानी, सिटी मैनेजर रोहित समद, रैमकी प्रबंधक अनवर खान, पार्षद डॉ. मधुमाला, कल्पना महतो, निरुपमा देवी, छोटू सिंह तथा मुखिया प्रतिनिधि गणेश महतो समेत नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।





















