धनबाद : रेलवे मालगोदाम कतरास में दुर्गापूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गयी हैं. इस वर्ष पूजा पंडाल केदारनाथ मंदिर की आकृति में तैयार किया जा रहा है. पंडाल की चौड़ाई 55 फीट और ऊंचाई 65 फीट होगी. पूजा परिसर और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाने की तैयारी चल रही है. रविवार को पूजा और मेला की तैयारियों को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में पूजा समिति के मुख्य संरक्षक सह विधायक शत्रुघ्न महतो ने यह जानकारी दी.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्राथमिकता
शत्रुघ्न महतो ने कहा कि पूजा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा समिति की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि कतरास का दुर्गोत्सव अपनी अलग पहचान रखता है और आयोजन को बेहतर बनाने के लिए समिति की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.
भूत बंगला रहेगा खास आकर्षण
संरक्षक वशिष्ठ चौहान, विकास बजरंगी, प्रवीण सिंह और राकेश सिंह ने बताया कि इस वर्ष मेले में भूत बंगला तैयार किया जा रहा है. इसे मेले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल किया गया है. इसके अलावा धूना प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा. पूजा में ढाक तोपचांची से आयेगा, जबकि आचार्य सलानपुर बस्ती से पहुंचेंगे. मां दुर्गा की प्रतिमा पारंपरिक विधि-विधान से स्थापित की जायेगी.
समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता में पूजा समिति के अध्यक्ष जीतेंद्र राम, कार्यकारी अध्यक्ष सौरव कुमार, उपाध्यक्ष दिनेश राम, विमल तुरी, सचिव सुरेंद्र प्रसाद, कोषाध्यक्ष विशाल कुमार, सह सचिव दीपक राम, चंदन कुमार समेत अन्य सदस्य मौजूद थे.





















