धनबाद : बीसीसीएल की कुसुंडा एरिया अंतर्गत बसेरिया-गोंदूडीह खास कुसुंडा कोलियरी के गोंदूडीह कांटा घर के समीप सोमवार को मैनुअल लोडिंग का काम करने वाले असंगठित मजदूरों ने प्रदर्शन किया. मजदूरों ने कांटा घर बंद करा ट्रांसपोर्टिंग बाधित कर दी और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की. मजदूरों ने मैनुअल लोडिंग के लिए पर्याप्त कोयला उपलब्ध कराने की मांग की.
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रबंधन और आउटसोर्सिंग कंपनी की कार्यप्रणाली के कारण मैनुअल लोडिंग के लिए पर्याप्त कोयला उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है. उनका कहना है कि नयी आउटसोर्सिंग कंपनी के आने के बाद रोजगार बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन परियोजना के फेस से सीधे कोयला साइडिंग भेजे जाने के कारण बीआरके के डीओ के लिए कोयला उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. इससे ट्रकों की मैनुअल लोडिंग प्रभावित हुई है और स्थानीय मजदूरों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है.
पहले भी जताया विरोध, स्थायी समाधान नहीं होने का आरोप
मजदूरों ने बताया कि समस्या को लेकर वे पहले भी तीन-चार बार प्रबंधन के समक्ष विरोध जता चुके हैं. उनके अनुसार, हर बार व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पहले कोयला डंप या यार्ड में गिराया जाता था, जहां से स्थानीय मजदूरों को लोडिंग और ट्रांसपोर्टिंग का काम मिलता था. अब सीधे साइडिंग तक कोयला भेजे जाने से उनका रोजगार प्रभावित हो रहा है.
मजदूरों ने चेतावनी दी कि मैनुअल लोडिंग के लिए पर्याप्त कोयला उपलब्ध कराने और रोजगार से जुड़ी समस्या का स्थायी समाधान होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा. प्रदर्शन का नेतृत्व ब्रह्मदेव यादव और बासुदेव यादव ने किया.
जल्द कोयला उपलब्ध कराने का आश्वासन
मामले में पीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पावर प्लांटों में कोयले की कमी को देखते हुए साइडिंग में कोयला भेजा जा रहा था. उन्होंने कहा कि मजदूरों को लोडिंग के लिए जल्द कोयला उपलब्ध कराया जाएगा. प्रबंधन की टीम मजदूरों के हित को ध्यान में रखते हुए कोयला उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में जुटी हुई है.





















