कतरास : अवैध कोयला उत्खनन और तस्करी के खिलाफ लगातार मुखर रहने तथा क्षेत्रीय जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने पर वार्ड संख्या 5 की पार्षद निरुपमा देवी को वियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा, कांग्रेस नेता अशोक प्रकाश लाल, जदयू नेता उदय कुमार सिंह सहित अन्य कई समाजसेवियों द्वारा सम्मानित किया गया। लकड़का स्थित पार्षद के आवासीय कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में वियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा ने उन्हें मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा भेंट कर उनके साहस की सराहना की।
इस मौके पर विजय कुमार झा ने कहा कि अवैध कोयला कारोबार और खतरनाक मुहानों को बंद कराने के लिए लगातार आवाज उठाना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य है। यह कार्य बड़े बड़े जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को करना चाहिए था। लेकिन जिम्मेदार लोगों के खामोश रहने के कारण वार्ड नंबर 5 की पार्षद निरुपमा ने यह बीड़ा उठाई और रानी लक्ष्मीबाई का रूप लेकर अकेले ही कोयला तस्करों से भीड़ गई। उसने न केवल कोयला तस्करों का सामना किया बल्कि गलत तरीके से पेश आने पर पुलिस प्रशासन से भी भीड़ गई। पार्षद निरुपमा देवी ने जिस निडरता के साथ अवैध कारोबार के खिलाफ रुख अपनाया है, उसकी चर्चा न केवल कतरास में है बल्कि पूरे कोयलांचल में है। उन्हें मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट करना उनके इसी संघर्ष और नेतृत्व क्षमता के प्रति सम्मान का प्रतीक है। जनप्रतिनिधियों को इसी तरह जनहित के मुद्दों पर आगे आकर काम करना चाहिए।
सम्मान समारोह में झामुमो प्रखंड कोषाध्यक्ष रोहित पंडित, राजन सिंह, राजेश सिंह, मनोज प्रजापति, सुभाष पासवान, रेखा देवी, चाईना देवी, कौशल्या देवी, पार्वती देवी, परो देवी, सावित्री देवी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।





















