सेवा संकल्प यात्रा के दौरान विधायक पर गिरी आग की लपटें ,बड़ा हादसा टला
धनबाद : सरायढेला के जगजीवन नगर में भाजपा की सेवा संकल्प यात्रा के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मशाल से निकली जलती चिंगारी विधायक शत्रुघ्न महतो की शर्ट पर जा गिरी. देखते ही देखते कपड़े में आग लग गई. हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझा दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
दरअसल, सांसद ढुल्लू महतो मीडिया को बयान दे रहे थे. इसी दौरान उनके ठीक पीछे खड़े विधायक शत्रुघ्न महतो की शर्ट पर मशाल से निकली जलती हुई चिंगारी आ गिरी. चिंगारी पड़ते ही कपड़े ने आग पकड़ ली. मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने तत्काल आग बुझाई.
मीडिया से बात करने के दौरान हुआ हादसा
घटना में विधायक की शर्ट का कुछ हिस्सा जल गया, लेकिन राहत की बात रही कि उन्हें किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई. कुछ सेकंड के भीतर हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.
भाजपा की सेवा ज्योति यात्रा के दौरान हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए. महज एक चिंगारी की वजह से बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और सांसद ढुल्लू महतो व विधायक शत्रुघ्न महतो सुरक्षित बच गए.
बता दें कि धनबाद में भाजपा ने सेवा ज्योति यात्रा निकाली. जगजीवन नगर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ. कार्यक्रम में पीएम मोदी के संदेश और उनके 25 साल के सार्वजनिक जीवन से जुड़े कार्यों को स्क्रीन के जरिए बताया गया. इस मौके पर धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा, रागिनी सिंह और शत्रुघ्न महतो ने मशाल थामकर यात्रा की शुरुआत की.





















