– भाजपा युवा नेता ने दिखाई मानवता
महागामा / प्रतिनिधि : थाना क्षेत्र के बंशीपुर मोड़ के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक टोटो (ई-रिक्शा) के पलटने से तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टोटो तेज रफ्तार में था और अचानक संतुलन बिगड़ने से सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि उसमें सवार महिलाएं दूर जा गिरीं और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
घटना के बाद सबसे बड़ी परेशानी समय पर एम्बुलेंस नहीं पहुंचने की रही, जिससे घायल महिलाएं काफी देर तक तड़पती रहीं। इसी बीच भाजपा युवा नेता बृजेश मंडल मौके पर पहुंचे और मानवता की मिसाल पेश करते हुए अपने निजी वाहन से सभी घायलों को महागामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल घायल महिलाओं -मनोरमा देवी, रेणु देवी और पिंकी देवी- का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर है, हालांकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंशीपुर मोड़ पहले से ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र रहा है, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेत और नियमित ट्रैफिक निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। फिलहाल हादसे के बाद पूरे इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
























