– आर्थिक तंगी और इलाज के अभाव ने ली जान
ठाकुरगंगटी।
प्रखंड क्षेत्र के पंजराडीह पंचायत अंतर्गत रतीयचक गांव निवासी पंचायत सहायक शिवबच्चन किस्कु (उम्र 30 वर्ष) के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के पिता प्रधान किस्कू हैं। घटना की सूचना मिलते ही पंचायत सहायक संघ के प्रदेश अध्यक्ष मिथुन यादव के नेतृत्व में प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों पंचायत सहायक मृतक के घर पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।
मृतक के भाई विजेंद्र किस्कु ने बताया कि पंचायत सहायक के पद पर मात्र 2500 रुपये मानदेय मिलने के कारण परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल था। इसी कारण शिवबच्चन किस्कु होमगार्ड बहाली की तैयारी कर रहे थे। अभ्यास के दौरान जंप करते समय वे गलत तरीके से गिर पड़े, जिससे उनके गले में गंभीर चोट आई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनका समुचित इलाज नहीं हो सका, और अंततः उनका निधन हो गया। मौके पर मौजूद पंचायत सहायक संघ के प्रदेश प्रभारी मिथुन कुमार एवं प्रखंड प्रभारी सोनू पासवान ने बताया कि पंचायत में सचिव का आधे से अधिक कार्य पंचायत सहायक ही करते हैं,
लेकिन इसके बावजूद उन्हें उचित मानदेय नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि बेहतर भविष्य की तलाश में ही शिवबच्चन किस्कु होमगार्ड की तैयारी कर रहे थे, जहां हादसे में उनकी जान चली गई। सभी पंचायत सहायकों ने राज्य सरकार और क्षेत्रीय मंत्री सह ग्रामीण विकास मंत्री से मांग की है कि पीड़ित परिवार को अविलंब आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि मृतक की पत्नी और पांच माह के पुत्र का जीवनयापन हो सके। इधर, मृतक के पिता प्रधान किस्कू, माता तालामय टुडू और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।





















