साहिबगंज | प्रतिनिधि : मालदा डिवीजन ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के नेतृत्व में साहिबगंज- पीरपैंती- साहिबगंज- तालझारी-तीनपहाड़ रेलखंड पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई प्रमुख ट्रेनों में सघन चेकिंग की गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
अभियान के तहत 63431 साहिबगंज- जमालपुर पैसेंजर, 13409 मालदा टाउन-किउल इंटरसिटी एक्सप्रेस, 15658 ब्रह्मपुत्र मेल, 13403 वनांचल एक्सप्रेस और 13032 जयनगर-हावड़ा एक्सप्रेस सहित विभिन्न ट्रेनों में जांच की गई।
वाणिज्यिक विभाग के कर्मचारियों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की।इस सख्त अभियान के दौरान बिना टिकट और नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 45 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे ₹15,000 का जुर्माना वसूला गया।
अधिकारियों ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट अवश्य रखें, ताकि अनावश्यक परेशानी और आर्थिक दंड से बचा जा सके। साथ ही यात्रियों को आरक्षित एवं अनारक्षित टिकटों के लिए रेलवन ऐप के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया, जिससे डिजिटल और सुविधाजनक यात्रा को बढ़ावा मिल सके।
























