बरहरवा | साहिबगंज संवाददाता: प्रखंड परिसर स्थित झारखंड राज्य खाद्य निगम लिमिटेड (जेएसएफसी) के गोदाम में राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सदानंद महतो ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोदाम में रखे खाद्यान्न के भंडारण की स्थिति तथा आपूर्ति से संबंधित अभिलेखों का गहनता से जायजा लिया।एसडीओ द्वारा वार्षिक जांच के तहत गोदाम में उपलब्ध खाद्य सामग्री के भंडारण की व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। साथ ही उन्होंने लेखा पंजी (स्टॉक रजिस्टर) का मिलान कर वास्तविक भंडारण स्थिति से उसका तुलनात्मक सत्यापन भी किया।
इस दौरान संबंधित कर्मियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई।निरीक्षण उपरांत अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने बताया कि गोदाम में खाद्यान्न का भंडारण सुव्यवस्थित पाया गया तथा अभिलेखों में दर्ज विवरण और वास्तविक स्टॉक में सामंजस्य मिला। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि गोदाम प्रबंधन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है।हालांकि उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि भविष्य में भी इसी प्रकार पारदर्शिता एवं सतर्कता के साथ कार्य करते रहें, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके।
इस औचक निरीक्षण से विभागीय कर्मियों में हलचल देखी गई, वहीं प्रशासन की सक्रियता से व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।























