साहिबगंज। प्रतिनिधि : सकरीगली रेलवे स्टेशन के सामने लोडिंग प्लॉट के समीप शनिवार को झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) की बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला महामंत्री इमाम विश्वास ने की। बैठक में रेलवे रैक लोडिंग मजदूरों और संबंधित प्रतिष्ठान के बीच मजदूरी दर को लेकर उत्पन्न विवाद पर चर्चा की गई। बैठक में केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव, केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी देवी एवं पूर्व जिला अध्यक्ष मिथुन कुमार यादव सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए। मजदूरों ने बताया कि वर्तमान में उन्हें एक रैक लोडिंग के लिए 4100 रुपये मिलते हैं, लेकिन कार्यस्थल पर करीब 5 फीट गड्ढा कर दिए जाने से काम की कठिनाई काफी बढ़ गई है।
पहले जहां एक बक्सा लोड करने में 5 मजदूर लगते थे, अब 8 मजदूरों की आवश्यकता पड़ रही है। ऐसे में मजदूरों ने प्रति वेगन 8000 रुपये मजदूरी तय करने की मांग की है। मजदूरों का आरोप कि मार्च माह से प्रतिष्ठान मनमाने तरीके से जेसीबी मशीन से लोडिंग करा रही है, जो श्रम कानूनों का उल्लंघन है और मजदूरों के रोजगार पर भी असर डाल रहा है। राजकुमार यादव ने कहा कि प्रतिष्ठान को मनमानी करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। श्रमिकों के हितों का ध्यान रखते हुए श्रम कानूनों का पालन अनिवार्य है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आगामी 6 अप्रैल को समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही उपायुक्त को मजदूरों की मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। बैठक में रणधीर चौरसिया, बबलू रजक, विजय यादव, राकेश, मुन्ना यादव, शिव जतन मंडल, छोटेलाल मालदार, रंजीत चौधरी, गुल शेख अंसारी, चुन्नू रविदास, तुलो मंडल, भोला यादव, हीरालाल मालदार, रतन सिंह, विशाल मंडल, दिलीप मंडल, ब्रह्मदेव चौधरी, छोटू मंडल, पवन मंडल, संजीव कुमार, मुन्नीलाल मुंडा सहित संगठन के कई सदस्य मौजूद थे।























