बसंतराय/प्रतिनिधि : बसंतराय प्रखंड क्षेत्र के कैवा पंचायत अंतर्गत कैवा गांव में बीती रात भीषण आग लगने से एक गरीब परिवार का आशियाना पूरी तरह उजड़ गया। घटना गांव निवासी मोहम्मद अब्बास के घर की है।
बताया जाता है कि घटना के समय अब्बास की पत्नी खेत में गेहूं की तैयारी करने गई थी, जबकि उनके छोटे-छोटे बच्चे घर में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक घर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

ग्रामीणों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। तभी अब्बास की पत्नी ने बताया कि उनकी 10 वर्षीय बेटी शाहाना खातून घर के अंदर सो रही है। यह सुनकर ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर काफी मशक्कत के बाद बच्ची को बाहर निकाला।
हालांकि, तब तक शाहाना खातून आग की चपेट में आ चुकी थी, जिससे उसके चेहरे, हाथ और पैरों में गंभीर जलने की चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार के अनुसार, इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घर में रखा सारा अनाज, कपड़ा, बर्तन, यहां तक कि जरूरी सामान और अन्य घरेलू वस्तुएं भी जलकर राख हो गईं। परिवार पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर है और उन्हें अब तक किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। जानकारी के अनुसार, मोहम्मद अब्बास भी कैंसर जैसे बीमारी से प्रीत है। वह इलाजरत है। मुंबई जैसे अस्पताल में
घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने खाने और रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
इधर, घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला मुख्यालय की दूरी लगभग 30–32 किलोमीटर होने के कारण अग्निशमन वाहन को पहुंचने में काफी समय लग जाता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि हर प्रखंड स्तर पर अग्निशमन की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं पर समय रहते काबू पाया जा सके।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के समय पंचायत प्रतिनिधि से लेकर विधायक तक बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही सब भूल जाते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही भावी मुखिया प्रत्याशी वसीम अकरम पहुंचे और परिजनों को आर्थिक सहयोग किया।























