एग्यारकुंड | धनबाद (बिजय सिंह) महावीर जयंती के पावन अवसर पर निरसा विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, वहीं जगह-जगह भंडारे आयोजित कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।इसी कड़ी में एग्यारकुंड दक्षिण पंचायत के गलफरबाड़ी मोड़ स्थित श्री श्री राम सेवा संघ,गलफरबाड़ी मोड़ के तत्वावधान में गुरुवार को भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे वातावरण में भक्ति की भावना व्याप्त रही।
भंडारे में श्रद्धालुओं के बीच हलवा-पूड़ी का महाप्रसाद वितरित किया गया।गलफरबाड़ी क्षेत्र के अलावा आसपास के कई गांवों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया।आयोजन स्थल पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महाप्रसाद वितरण एवं व्यवस्था में लाल बाबू यादव, उपेन्द्र सिंह, नंटू, दीपक, शशि, बंगाली, दिनेश सहित कई युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया।इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि महावीर जयंती का पर्व आपसी भाईचारे, सेवा और सद्भाव का संदेश देता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता और समरसता को बढ़ावा मिलता है।कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर से क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।




