कतरास में बाइक चोर गिरोह का खुलासा, चोरी की बाइक समेत दो आरोपी गिरफ्तार
प्रकाशित तिथि: 28/07/2026 |
संवाददाता: मिलन कुमार पाठक
कतरास थाना क्षेत्र में पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की एक हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई को राहुल चौक के पास पुलिस ने एक युवक को बाइक चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गिरिडीह जिले के मटरूखा निवासी 19 वर्षीय सूरज मंडल के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान सूरज मंडल ने अपने साथी सत्यम कुमार मंडल का नाम बताया। इसके बाद कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने छापेमारी कर सत्यम कुमार मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की एक हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी रविवार हटिया के दिन गिरिडीह से कतरास आते थे। पहले बाइक की रेकी करते, फिर मास्टर चाबी की मदद से चोरी कर उसे गिरिडीह ले जाकर नंबर प्लेट बदलकर बेच देते थे।
इस मामले में कतरास थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अपने वाहनों में डबल लॉक का उपयोग करें और बाइक को हमेशा सुरक्षित स्थान पर ही खड़ा करें।
इस कार्रवाई में कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में एसआई मनोज कुमार, एसआई दुर्गेश कुमार सिंह, एसआई सागर लाल महथा तथा एएसआई मनोज कुमार पासवान शामिल रहे
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)