पेट्रोल पंप से कलाली मोड़ तक सड़क पर गंदगी का अंबार
प्रकाशित तिथि: 26/07/2026 |
संवाददाता: मनोज कुमार
पथरगामा बाजार इन दिनों गंदगी और कचरे की समस्या से जूझ रहा है। पेट्रोल पंप से लेकर कलाली मोड़ तक मुख्य सड़क के किनारे और कई स्थानों पर सड़क पर ही कचरे का अंबार लगा हुआ है। इससे न केवल बाजार की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई घरों से निकलने वाला कचरा सड़क पर ही डाल दिया जाता है। कुछ लोग घर की सफाई कर झाड़ू से कचरा सीधे सड़क पर जमा कर देते हैं, जबकि अन्य लोग घर का कचरा लाकर बीच सड़क या उसके किनारे फेंककर चले जाते हैं। धीरे-धीरे यही कचरा बड़े ढेर का रूप ले लेता है।
सबसे अधिक गंदगी प्रखंड कार्यालय गेट के सामने से लेकर बाबा सिंहेश्वर नाथ शिव मंदिर के सामने तक देखने को मिल रही है। सड़क पर फैले कचरे से दुर्गंध फैल रही है और स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। बरसात के दिनों में यह स्थिति और गंभीर हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में प्रशासन की ओर से लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक करने का प्रयास किया गया था, लेकिन उसका अपेक्षित असर नहीं दिखा। अब आवश्यकता है कि प्रशासन नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करे, ताकि बाजार को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)