विद्यालय प्रबंधन समिति चुनाव के दौरान हंगामा - ग्रामीणों और शिक्षकों में विवाद - पुलिस ने संभाला मोर्चा
प्रकाशित तिथि: 26/07/2026 |
संवाददाता: मनोज कुमार
बसंतराय। प्रखंड क्षेत्र की हिलावे पंचायत स्थित मध्य विद्यालय हिलावे में विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी) के चुनाव के दौरान ग्रामीणों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच जमकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पथरगामा थाना पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।
ग्रामीणों एवं बच्चों के अभिभावकों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में न तो बच्चों की पढ़ाई सही ढंग से होती है और न ही मध्याह्न भोजन मीनू के अनुसार दिया जाता है। उनका कहना था कि संयोजिका द्वारा भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मीनू का पालन नहीं किया जाता। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब विद्यालय की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है, तो केवल अध्यक्ष का चुनाव कराने का क्या औचित्य है। इस दौरान हिलावे पंचायत के मुखिया गौतम कुमार ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव सरकार की गाइडलाइन के अनुसार पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संयोजक, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन ग्राम सभा के माध्यम से होना चाहिए, किसी की मनमानी नहीं चलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय में बच्चों को न तो मीनू के अनुसार भोजन दिया जा रहा है और न ही समय पर गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई कराई जा रही है। मुखिया ने कहा कि ग्राम सभा जिस व्यक्ति का चयन करेगी, वही मान्य होगा और शिक्षक-शिक्षिकाओं की मनमानी स्वीकार नहीं की जाएगी। विवाद के दौरान ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने भी काफी आक्रोश व्यक्त किया। सूचना मिलने पर पथरगामा थाना पुलिस विद्यालय पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। एहतियात के तौर पर विद्यालय के दोनों शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके घर भेज दिया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राकेश चौधरी ने दूरभाष पर बताया कि हंगामे के दौरान कक्षा 1 से 8 तक का एक महत्वपूर्ण रजिस्टर भी गायब हो गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में थाना में लिखित आवेदन देकर रजिस्टर चोरी की जांच एवं बरामदगी की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं ग्रामीण विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था, मीनू के अनुसार मध्याह्न भोजन और विद्यालय प्रबंधन समिति के चुनाव को पूरी पारदर्शिता के साथ कराने की मांग पर अड़े हुए हैं।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)