डायन कहने के विवाद में वृद्ध पर तलवार से हमला, सिर में गंभीर चोट
प्रकाशित तिथि: 26/07/2026 |
संवाददाता: मनोज कुमार
गोड्डा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ककना गांव में डायन कहने के विवाद को लेकर करीब 100 वर्षीय वृद्ध व्यक्ति पर तलवार से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घायल की पहचान ककना गांव निवासी जागेश्वर यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांधी देवी को राह चलते कथित रूप से डायन कहे जाने को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर अभिषेक ठाकुर के परिवार के लोगों ने वृद्ध पर हमला कर दिया। घायल के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अभिषेक ठाकुर, श्रवण ठाकुर समेत अन्य लोगों ने मिलकर जागेश्वर यादव के सिर पर तलवार से वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई है। घटना के बाद घायल वृद्ध को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, इस मामले में थाना प्रभारी आनंद शाह ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित सूचना नहीं दी गई है। हालांकि, सूत्रों से घायल व्यक्ति को अस्पताल लाए जाने की जानकारी मिली है। नगर थाना पुलिस परिजनों का फर्द बयान ले रही है। फर्द बयान की कॉपी मिलने के बाद मामले में आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)