लोयाबाद में नाली निर्माण में अनियमितता, ठेकेदार की लापरवाही से नया निर्माण कीचड़ में चौधरी मोहल्ला तब्दील
प्रकाशित तिथि: 26/07/2026 |
संवाददाता: मिलन कुमार पाठक
लोयाबाद-धनबाद नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 8, कनकनी 4 नंबर स्थित चौधरी मोहल्ला में बीते माह बनाई गई नाली ठेकेदार की अनियमितता के कारण पूरी तरह खराब हो गई है। नाली अब कीचड़ और गंदगी-बदबू से भरी हो चुकी है, जिससे स्थानीय मोहल्लेवासियों और आने-जाने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर निगम द्वारा नाली निर्माण का कार्य पिछले महीने पूरा किया गया था। लेकिन ठेकेदार ने घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया और उचित गहराई तथा ढलाई में छेदा नहीं रखा। बारिश शुरू होते ही छेदा न छोड़े जाने के कारण पानी की निकासी के बजाय गंदा पानी मोहल्ले के मुख्य रास्ते में जमा होने लगा। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि नाली बनवाने के नाम पर सिर्फ पैसा खर्च किया गया। अब बारिश में घरों और मोहल्ले में गंदा पानी जमा होने से बड़े-बड़े मच्छर पैदा हो रहे हैं, जिससे डेंगू समेत अन्य बीमारियों से छोटे-छोटे बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं।
मोहल्ले के दिनेश पासी का कहना है कि इस मामले को लेकर वर्तमान पार्षद रामेश्वर तुरी सहित धनबाद उपमेयर अरुण चौहान से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसी समस्या को लेकर पूर्व पार्षद महावीर पासी से मुलाकात की गई। पूर्व पार्षद श्री पासी ने कहा कि इस समस्या को लेकर धनबाद डीसी एवं धनबाद नगर आयुक्त से चौधरी मोहल्ला के लोगों द्वारा ठेकेदार के खिलाफ शिकायत की जाएगी। साथ ही नगर निगम अधिकारियों से तुरंत जांच की मांग की जाएगी और दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बाघमारा विधायक प्रतिनिधि बीरेन्द्र पासवान ने नाली निर्माण में पानी की निकासी का रास्ता न छोड़े जाने को लेकर ठेकेदार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस मामले में धनबाद नगर निगम के नगर आयुक्त संज्ञान लें और नाली निर्माण में पानी निकासी को लेकर ठेकेदार पर जांच-पड़ताल कर कार्रवाई करें। साथ ही बिना समय गंवाए अविलंब ठेकेदार का बिल रोकने का काम करें
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)