नेशनल हाईवे से जुड़ी गली में सड़क निर्माण रुका, जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने किया विरोध
प्रकाशित तिथि: 25/07/2026 |
संवाददाता: फेकन मंडल
राजमहल (साहिबगंज): राजमहल प्रखंड क्षेत्र के पश्चिमी जामनगर पंचायत अंतर्गत दासु मंडल टोला में नेशनल हाईवे से जुड़ी गली में सड़क (पीचिंग) निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में निर्माण कार्य नेशनल हाईवे से लगभग 30 मीटर की दूरी तक ही कराया जा रहा है, जबकि गली में आगे तक जलजमाव और कीचड़ की गंभीर समस्या बनी रहती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि सड़क निर्माण को कुछ और दूरी तक बढ़ा दिया जाए तो गली में होने वाले जलजमाव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिलेगी। इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को कुछ समय के लिए रोक दिया और अधिकारियों से जल जमाव वाले जगह तक सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने यह भी कहा है कि निर्माण कार्य वार्ड सदस्य के घर तक ही सीमित रखा गया है। उनका कहना है कि गली आगे तक चौड़ी होने के बावजूद वहां सड़क निर्माण नहीं कराया जा रहा है। जिससे लोगों को आने-जाने में कठिनाई होती है।
घटना की सूचना मिलने पर पंचायत की मुखिया पति चिरंजीव कुमार सरकार मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। मुखिया ने बताया कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से वार्ता की गई है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को जलजमाव और आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।
फिलहाल ग्रामीणों को प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार है।
मौके पर मौजूद रधीया बेवा , मधु सूदन मंडल , रंजो देवी , सिंकूरानी मंडल , करुणा देवी , ज्योति देवी , शोभा देवी , चंपा देवी , रिंकू देवी आदि मौजूद थे।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)