गांधीग्राम में नेशनल हाईवे की सड़क पर पड़ी दरार, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
प्रकाशित तिथि: 23/07/2026 |
संवाददाता: मनोज कुमार
पथरगामा। प्रखंड क्षेत्र के गांधीग्राम स्थित पप्पू लाइन होटल के समीप नेशनल हाईवे की सड़क पर कई जगहों पर दरार पड़ गई है। सड़क का निर्माण पूरा हुए अभी करीब एक वर्ष भी नहीं हुआ है, इसके बावजूद सड़क पर दरार आने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और कार्य में बरती गई लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।जानकारी के अनुसार पप्पू लाइन होटल से खैरबनी मोड़ के बीच नेशनल हाईवे की सड़क पर कई स्थानों पर बीच सड़क में दरारें दिखाई दे रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो दरारें बढ़कर बड़े-बड़े गड्ढों का रूप ले सकती हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहेगी। सड़क पर इतनी कम अवधि में दरार पड़ने से डीबीएल कंपनी द्वारा कराए गए कार्य की गुणवत्ता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से जल्द से जल्द सड़क की जांच कराकर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)