गोड्डा में 4 अगस्त को होगी शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा
प्रकाशित तिथि: 23/07/2026 |
संवाददाता: मनोज कुमार
गोड्डा। जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा की विस्तारित बैठक बुधवार को होटल सवेरा, सरकंडा, गोड्डा में जिला अध्यक्ष प्रो. प्रेम नंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में झामुमो के संस्थापक, झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्व. शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर 4 अगस्त को सर्वदलीय विशाल श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया।बैठक में बताया गया कि गोड्डा गांधी मैदान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा, जबकि बायोडायवर्सिटी पार्क, गोड्डा में गुरुजी की 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। कार्यक्रम में झारखंड आंदोलनकारियों, मांझी हाड़ाम, प्रधान, परगनेत, योग मांझी, सभी राजनीतिक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, चेंबर ऑफ कॉमर्स, छात्रों, किसानों, मजदूरों सहित आम लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।श्रद्धांजलि सभा की तैयारी को लेकर जिले के सभी प्रखंडों एवं नगर समितियों की बैठक 28 जुलाई तक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए माइकिंग, डहारुआ तथा विभिन्न स्थानों पर बैठकें आयोजित की जाएंगी।बैठक में जिला सचिव वासुदेव सोरेन सहित पुष्पेंद्र टुडू, श्याम हेंब्रम, यूसुफ अंसारी, मृत्युंजय सिंह, विनोद मुर्मू, अवध किशोर हांसदा, सुनील मरांडी, ताला बाबू हांसदा, सिमोन मालतो, श्रवण मंडल, रामचंद्र मरांडी, पूनम देवी, ललिता झा, मुन्ना खुर्शीद, अजीमुद्दीन, लम्बोदर महतो, शत्रुघ्न सिंह, विलास मंडल, राजेश हांसदा, शंकर मंडल, प्रशांत भगत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)