कृषि परियोजना निदेशक विकास कुमार का गोड्डा दौरा - किसानों को दिए कम लागत में अधिक मुनाफे के टिप्स
प्रकाशित तिथि: 23/07/2026 |
संवाददाता: मनोज कुमार
गोड्डा। झारखंड सरकार के कृषि परियोजना निदेशक विकास कुमार संथाल परगना के चार दिवसीय दौरे के क्रम में गोड्डा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने किसानों के साथ सीधा संवाद कर कम लागत में अधिक उत्पादन और कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने को लेकर चर्चा की। कृषि परियोजना निदेशक ने कहा कि आज भी भारत को दलहन और तिलहन का विदेशों से आयात करना पड़ता है। ऐसे में किसानों को कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनना होगा, ताकि जिले, राज्य और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि किसानों को पारंपरिक धान की खेती के साथ-साथ दलहन और तिलहन जैसी लाभकारी फसलों की ओर भी बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि धान की खेती पारंपरिक खेती है, लेकिन किसानों को अधिक मुनाफे के लिए अन्य फसलों पर भी ध्यान देना होगा। इस दौरान कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की मॉनिटरिंग की भी बात कही गई। वहीं, बिरसा फसल विस्तार योजना के तहत सैकड़ों किसानों के बीच मक्का, मूंग और मूंगफली के बीज का वितरण किया गया। बीज वितरण में हुई देरी पर कृषि परियोजना निदेशक ने खेद जताया। उन्होंने कहा कि कई ऐसी फसलें हैं, जिन्हें धान की रोपाई नहीं होने की स्थिति में भी लगाया जा सकता है।इस दौरान उन्होंने किसानों को बेहतर कृषि तकनीक और कम लागत में अधिक उत्पादन को लेकर कई महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)