समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा, डीसी ने पात्र लाभुकों तक समय पर लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश
प्रकाशित तिथि: 22/07/2026 |
संवाददाता: मनोज कुमार
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति, लंबित मामलों, लाभुकों को भुगतान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने आंगनबाड़ी सेवाएं, पोषण अभियान, किशोरी सशक्तिकरण कार्यक्रम, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रखंडवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र लाभुक को समय पर योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए तथा सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में आधार सत्यापन, बैंक खातों में त्रुटियों के शीघ्र निराकरण और डीबीटी भुगतान की नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ सभी प्रखंडों में नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
इस दौरान आधार आधारित छात्र ट्रैकिंग एवं APAAR ID निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले में कुल 66,280 सक्रिय बच्चों में से 8,230 बच्चों का स्वयं का आधार उपलब्ध है, जिनमें 6,697 बच्चों का APAAR ID बनाया जा चुका है। आधार उपलब्ध बच्चों के विरुद्ध APAAR ID निर्माण की जिला प्रगति 81.37 प्रतिशत है। उपायुक्त ने कम प्रगति वाले प्रखंडों में विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया।
सुंदरपहाड़ी एवं बोआरीजोर प्रखंडों में पोषण स्तर में सुधार, कुपोषित बच्चों की पहचान, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रभावी संचालन पर भी विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए महिला एवं बाल विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में उप विकास आयुक्त विस्पुते श्री कांत यशवंत, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अलका हेंब्रम सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता एवं सुपरवाइजर उपस्थित थे।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)