पीएम पोषण योजना अंतर्गत जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित
प्रकाशित तिथि: 22/07/2026 |
संवाददाता: मनोज कुमार
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना अंतर्गत जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 में “तिथि भोजन सह जन्मोत्सव” कार्यक्रम का आयोजन सभी सरकारी विद्यालयों में हर महीने दो दिन (10 और 25 तारीख) को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजन कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में योजना के सतत अनुश्रवण हेतु शत-प्रतिशत प्रखंड स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग समिति की नियमित बैठक आयोजित करने पर बल दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए सभी प्रखंडों में समयबद्ध रूप से बैठकें आयोजित की जाएं तथा उनकी कार्यवाही की रिपोर्ट जिला स्तर की बैठकों में हर हाल में रखी जाए।
बैठक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सभी सरकारी विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजन करने विशेष कर सुंदरपहाड़ी, बौआरीजोर प्रखंड के बीपीओ/बीआरपी/सीआरपी को आरवीएसके के डॉक्टर के साथ समन्वय स्थापित कर घर-घर जाकर ब्रेन मलेरिया एवं एनीमिया जैसी बीमारियों का जांच करने तथा इन बीमारियों के बारे जन जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त विस्पुते श्री कांत यशवंत, नगर परिषद अध्यक्ष सुशील रमानी, अध्यक्ष नगर पंचायत महागामा प्रबोध सोरेन, सिविल सर्जन गोड्डा डॉ. एससी शर्मा, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (पीएम पोषण) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)