महागामा नगर पंचायत क्षेत्र में विकास योजनाओं का शिलान्यास
प्रकाशित तिथि: 22/07/2026 |
संवाददाता: मनोज कुमार
महागामा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबोध सोरेन के नेतृत्व में मंगलवार को नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में जनहित एवं विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस दौरान पक्की नाली, पीसीसी सड़क, पुलिया निर्माण एवं नाला मरम्मत सहित विभिन्न आधारभूत विकास योजनाओं की आधारशिला रखी गई।
वहीं, नगर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से दो मिनी ट्रैक्टर नगर पंचायत को सुपुर्द किए गए। इन वाहनों के माध्यम से कचरा संग्रहण एवं सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। शिलान्यास के तहत वार्ड संख्या 01, 02 एवं 05 में विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ किया गया। योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबोध सोरेन ने कहा कि महागामा नगर पंचायत में विकास और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्रतिबद्धता है और आने वाले समय में भी विकास कार्यों का सिलसिला जारी रहेगा।
कार्यक्रम में नगर उपाध्यक्ष निलेश सिंह, नगर प्रबंधक रोहित गुप्ता, वार्ड पार्षद रॉकी जायसवाल, ललिता देवी, हेमंत कुमार, दिलीप रविदास एवं दाउद अंसारी सहित नगर पंचायत के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)