दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश
प्रकाशित तिथि: 21/07/2026 |
संवाददाता: मनोज कुमार
गोड्डा। नगर थाना क्षेत्र के गांगटा मोहल्ला एवं वीआईपी कॉलोनी स्थित पुलिस अधीक्षक आवास के पीछे वाली सड़क पर मंगलवार दोपहर बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला के गलेआ से सोने की चेन छीन ली। घटना उस समय हुई जब महिला अपने दो बच्चों को स्कूल से लेकर घर लौट रही थीं।
पीड़िता अमृता राज, पति राजीव रंजन राज, जो पेशे से शिक्षक हैं, अपने घर के पास पहुंची ही थीं कि बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दोनों युवक पहले महिला के आगे निकल गए। इसके बाद वे वापस लौटे और महिला के नजदीक पहुंच गए। बाइक के पीछे बैठे युवक ने झटके से महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और दोनों मौके से फरार हो गए।
बताया जाता है कि महिला का एक पुत्र कक्षा एक में तथा एक पुत्री एलकेजी में पढ़ती है। दोनों बच्चों को स्कूल से लेकर वह घर लौट रही थीं। घटना के बाद महिला एवं परिजनों ने नगर थाना को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी दिनेश मोहली एवं सदर एसडीपीओ आकाश भारद्वाज घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत एवं आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)