एसबीएस एसपीएस जनजातीय कॉलेज में बीए नामांकन को उमड़ी छात्रों की भीड़
प्रकाशित तिथि: 21/07/2026 |
संवाददाता: मनोज कुमार
पथरगामा
*प्राचार्य ने दी चेतावनी- समय पर विश्वविद्यालय शुल्क जमा नहीं करने पर मेरिट सूची से हट जाएगा नाम*
पथरगामा स्थित एसबीएस एसपीएस जनजातीय कॉलेज में मंगलवार को स्नातक बीए प्रथम सेमेस्टर के प्रथम चरण के नामांकन को लेकर छात्रों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही नामांकन काउंटरों पर छात्र-छात्राओं की लंबी कतारें लगी रहीं। छात्रों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कॉलेज प्रशासन की ओर से अलग-अलग कार्यों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। प्राचार्य उमेश पंडित ने स्वयं सभी काउंटरों का निरीक्षण करते हुए नामांकन प्रक्रिया का जायजा लिया।प्राचार्य उमेश पंडित ने बताया कि प्रथम चरण का नामांकन 23 जुलाई तक चलेगा। प्रथम मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि तक आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराने के बाद चांसलर पोर्टल पर विश्वविद्यालय शुल्क जमा करना अनिवार्य है। शुल्क जमा नहीं करने वाले अभ्यर्थियों का नाम मेरिट सूची से हटा दिया जाएगा।वहीं, मंगलवार को मां योगिनी स्थान में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण कॉलेज के आसपास और मुख्य सड़क पर करीब दो से तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। इससे स्कूली वाहनों और आम लोगों को काफी परेशानी हुई। स्थानीय लोगों ने मंगलवार और शनिवार को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ग्रामीण पुलिस बल की तैनाती की मांग की है।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)