तालाब में डूबने से एक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
प्रकाशित तिथि: 21/07/2026 |
संवाददाता: मनोज कुमार
बसंतराय थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में तालाब में डूबने से 30 वर्षीय मुकेश यादव की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुकेश यादव तालाब किनारे बने पिंड पर बैठे हुए थे। इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आ गया और वे तालाब में गिर गए। रातभर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने बुधवार सुबह उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान तालाब किनारे पानी में उनका चेहरा दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उन्हें तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि मुकेश यादव अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर बसंतराय थाना के पुलिस पदाधिकारी विजय शर्मा दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर पहुंचे राजद नेता बंसीलाल यादव ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है और वे पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)