लकड़मारा डाह मध्यम सिंचाई योजना में अनियमितता की शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में
प्रकाशित तिथि: 20/07/2026 |
संवाददाता: ज्ञानदीप कुमार
मेहरमा प्रखंड क्षेत्र के लकड़मारा गांव स्थित लकड़मारा डाह मध्यम सिंचाई योजना में अनियमितता की शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया। उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) आलोक वरण केसरी एवं गठित जांच टीम ने योजना स्थल पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण किया और विभिन्न बिंदुओं की जांच की।
बताया जाता है कि कुछ दिनों पूर्व लकड़मारा के स्थानीय ग्रामीणों ने उपायुक्त को आवेदन देकर योजना में घटिया गुणवत्ता के कार्य, निर्धारित मानक से कम खुदाई तथा स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप कार्य नहीं किए जाने का आरोप लगाया था। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने जांच के निर्देश दिए। इसी क्रम में एसडीओ आलोक वरण केसरी, गठित जांच टीम के अधिकारियों के साथ योजना स्थल पहुंचे और निर्माण कार्य की गुणवत्ता, खुदाई की गहराई तथा स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार हुए कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने संबंधित अभिलेखों की भी जानकारी ली और आवश्यक तथ्यों का संकलन किया।
इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अभिनव कुमार भी मौके पर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट तैयार कर वरीय अधिकारियों को सौंपी जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)