प्रशिक्षण पूरा कर गांव लौटे अग्निवीर प्रेमजीत का भव्य स्वागत
प्रकाशित तिथि: 20/07/2026 |
संवाददाता: ज्ञानदीप कुमार
मेहरमा प्रखंड के सुखाड़ी पंचायत अंतर्गत शोभापुर गांव निवासी गौतम पंडित के पुत्र अग्निवीर जवान प्रेमजीत पंडित के छह माह का सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर गांव लौटने पर ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया।प्रेमजीत ने महाराष्ट्र के नागपुर स्थित ब्रिगेड ऑफ द गार्ड्स प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षण पूरा किया।सोमवार की रात्रि जब वह सेना की वर्दी में अपने गांव पहुंचे तो परिवारजनों एवं ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर,अबीर-गुलाल लगाकर और डीजे की धुन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।इस अवसर पर परिवार के सदस्यों ने उनकी आरती उतारी,जबकि ग्रामीणों ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया।अग्निवीर प्रेमजीत पंडित ने कहा कि उन्हें शुरुआती दो प्रयासों में सफलता नहीं मिली,लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। लगातार मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर तीसरे प्रयास में अग्निवीर भर्ती में सफलता हासिल की।उन्होंने युवाओं से भी लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर प्रयास करने की अपील की।स्वागत समारोह में चंदन पंडित, कमलेश गोस्वामी,रुद्र गोस्वामी, नितेश ठाकुर, शिवम गोस्वामी सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)