शक्ति कॉलेज सिजुआ में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन, नए छात्रों का हुआ स्वागत
प्रकाशित तिथि: 19/07/2026 |
संवाददाता: मिलन कुमार पाठक
कतरास शहीद शक्तिनाथ महतो स्मारक इंटर कॉलेज में प्रतिभा सम्मान सह फ्रेशर्स वेलकम समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय के मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके अभिभावकों को भी मंच पर सम्मानित कर उनकी भूमिका की सराहना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार थे। वहीं टाटा स्टील सिजुआ कोलियरी के हेड संजीव कुमार ठाकुर, डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोय, डीएफओ विकास पालीवाल, सिजुआ कोलियरी यूनियन अध्यक्ष संजय सिंह एवं बी.के. पांडे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार महतो ने सभी अतिथियों का बुके एवं शॉल देकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज हर वर्ष उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देता है और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मेधावी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया जाता है।
अपने संबोधन में एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित रहकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया।
वहीं अध्यक्षीय संबोधन में विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि शिक्षा ही समाज में सकारात्मक बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कॉलेज द्वारा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने और नए विद्यार्थियों का स्वागत करने की परंपरा की सराहना की।
समारोह में विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय के टॉपर छात्र-छात्राओं के साथ-साथ कक्षा 11वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने 11वीं के नए छात्रों का बुके देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन रमेश प्रसाद एवं मनोज कुमार ने किया। समारोह में कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)