जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा धनबाद, रथ खींचने उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
प्रकाशित तिथि: 16/07/2026 |
संवाददाता: मिलन कुमार पाठक
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल होना और रथ की डोर खींचना सनातन परंपरा में चारधाम यात्रा के समान पुण्यदायी माना जाता है। इसी आस्था के साथ इस्कॉन धनबाद, जगजीवन नगर की ओर से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु तेज धूप के बावजूद शामिल हुए।
*स्टील गेट से निकली रथ यात्रा*
जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 की शुरुआत सरायढेला दुर्गा मंदिर परिसर से हुई। प्रारंभ में आदिवासी महिलाओं और युवतियों ने सिर पर कलश लेकर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि पुरुषों ने ढोल-नगाड़ों की थाप से माहौल भक्तिमय बना दिया।
इसके बाद छऊ नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के उपरांत भगवान जगन्नाथ का सुसज्जित रथ शोभायात्रा के लिए रवाना हुआ। रथ को रंग-बिरंगे पुष्पों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
*कीर्तन मंडली ने वातावरण को बना दिया भक्तिमय*
श्रद्धालु पूरे मार्ग में 'जय जगन्नाथ' के जयकारे लगाते हुए रथ की डोर खींचते रहे। इस्कॉन धनबाद की विशेष कीर्तन मंडली ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
यात्रा में धनबाद सांसद ढुलू महतो भी शामिल हुए और भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लिया। इस्ककॉन धनबाद जगजीवन नगर के प्रभारी प्रेम दास ने बताया कि वर्ष 2019 से धनबाद में नियमित रूप से रथयात्रा निकाली जा रही है। इसके आयोजन में आईआईटी (आईएसएम) और बीआईटी के विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहता है।
उन्होंने बताया कि इस बार चार दिवसीय रथयात्रा महोत्सव का आयोजन गोल्फ ग्राउंड में किया गया है, जहां प्रतिदिन भक्ति, कीर्तन और आध्यात्मिक कार्यक्रम होंगे। श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन लगभग 50 हजार लोगों के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।
*रथ की डोर खींचने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़*
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में रथ की डोर खींचने के लिए सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रथ खींचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
भीड़ को देखते हुए सरायढेला से रणधीर वर्मा चौक तक मार्ग को वन-वे कर दिया गया, जिससे यातायात सुचारु बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी भी रथयात्रा के दौरान व्यवस्था संभालते नजर आए
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)