मेहरमा मंडल टोला में कीचड़युक्त सड़क व जलजमाव से ग्रामीण परेशान, बारिश के दिनों में बढ़ जाती है मुश्किलें
प्रकाशित तिथि: 14/07/2026 |
संवाददाता: ज्ञानदीप कुमार
मेहरमा प्रखंड मुख्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित मेहरमा मंडल टोला के ग्रामीण वर्षों से जर्जर, कीचड़युक्त सड़क और जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं। हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है और पूरा मार्ग कीचड़ में तब्दील हो जाता है,जिससे लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में इस रास्ते से होकर गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं रहता।
स्थानीय लोगों के अनुसार मंडल टोला को मुख्य सड़क से जोड़ने वाला यह एकमात्र मार्ग लंबे समय से बदहाल है। बारिश के दौरान सड़क पर घुटनों तक पानी और कीचड़ जमा हो जाने से राहगीरों,स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी-सी बारिश के बाद भी पानी कई दिनों तक सड़क पर जमा रहता है।ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। नतीजतन वर्षों से स्थिति जस की तस बनी हुई है।
खराब सड़क और जलजमाव के कारण गांव में सामाजिक एवं मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बाहर से आने वाले रिश्तेदार और अतिथि कीचड़युक्त रास्ते के कारण गांव आने से कतराते हैं। वहीं बीमार व्यक्तियों को अस्पताल ले जाने और छोटे बच्चों को स्कूल भेजने में भी ग्रामीणों को काफी दिक्कत होती है।ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब सड़क का निर्माण कराने, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रखंड मुख्यालय के इतने निकट स्थित गांव की बदहाल स्थिति विकास कार्यों पर सवाल खड़े करती है। लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि जल्द इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर समाधान सुनिश्चित करेंगे।
अपनी राय लिखें (कमेंट करें)