कतरास | धनबाद: बाघमारा विधानसभा अंतर्गत सोनारडीह ओपी के टंडाबाड़ी बस्ती में हृदय विदारक भू-धंसान की घटना हुई जिसमे 3 लोग काल के गाल में समा गए। इसको लेकर युवा नेता और समाजसेवी विशाल कुमार महतो ने धनबाद उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपा। विशाल महतो ने सोनारडीह भू धंसान घटना पर शोक व्यक्त करते हुए इस घटना को अवैध खनन और प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया।

उपायुक्त को संबोधित करते हुए विशाल कुमार महतो ने कहा कि यह कोई संयोग या केवल प्राकृतिक आपदा नहीं है, बल्कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और ‘कोयला माफियाओं’ के साथ मिलीभगत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि कोयलांचल की जनता को माफियाओं और असुरक्षित खदानों के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी और अवैध नेटवर्क ध्वस्त नहीं होगा तब तक मासूमों की जान जाती रहेगी। हम प्रशासन से इस विषय की गंभीरता को समझने और अविलंब ऐतिहासिक कदम उठाने की मांग करते हैं।
विशाल कुमार महतो ने पत्र के माध्यम से मांग करते हुए कहा है कि DGMS और BCCL की संयुक्त टीम बनाकर कतरास क्षेत्र का अविलंब ‘सुरक्षा ऑडिट’ किया जाए। जो क्षेत्र भूमिगत आग या धंसान के प्रति संवेदनशील हैं, उन्हें आधिकारिक रूप से ‘डेंजर जोन’ घोषित कर सूची सार्वजनिक की जाए। अवैध खनन पर रोक के लिए क्षेत्र में चल रहे अवैध मुहानों को वैज्ञानिक तरीके से (Dozing) सील किया जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन एवं नियमित पुलिस गश्ती के जरिए निगरानी बढ़ाई जाए। अवैध खनन स्थानीय पुलिस और प्रशासन की जानकारी के बिना संभव नहीं है।

अतः जिस थाना क्षेत्र में कोयला का अवैध खनन या भंडारण हो रहा हो उससे संबंधित थाना प्रभारी, माइनिंग इंस्पेक्टर और बीसीसीएल के सुरक्षा अधिकारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। डेंजर जोन में रहने वाले नागरिकों को एक निश्चित समय-सीमा के भीतर पक्के मकान और बुनियादी सुविधाओं के साथ सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए लिखा है कि यदि जल्द ही इन मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जनता के साथ मिलकर आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेंगे।




