साहिबगंज। प्रतिनिधि
आपातकालीन तैयारी को सुदृढ़ व यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के मकसद से रेलवे स्टेशन परिसर में मॉक ड्रिल कराया गया।
मॉक ड्रिल
साहिबगंज आपातकालीन तैयारियों को सुदृढ़ करने एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के मकसद से साहिबगंज रेलवे स्टेशन परिसर में सोमवार को मॉक ड्रिल कराया गया। यह मॉक ड्रिल साहिबगंज आरपीएफ पोस्ट, साहिबगंज जीआरपी, वाणिज्य विभाग, (सी एंड डब्ल्यू), स्टेशन अधीक्षक, बुकिंग स्टाफ व चिकित्सा विभाग की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित की गई।मॉक ड्रिल के दौरान यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने एवं राहत व बचाव कार्यों का समन्वित संचालन किया गया।
आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कुल 25 आरपीएफ कर्मियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। उन्होंने त्वरित समन्वय व संचालन क्षमता का प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन परिस्थिति का अनुकरण किया गया। इसमें बम विस्फोट जैसी स्थिति के कारण साहिबगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर एक ट्रेन के कोच के पटरी से उतरने की स्थिति उत्पन्न हुई।
इससे डाउन लाइन प्रभावित हुई। सामान अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही आरपीएफ कमांडेंट गुलाम सरवर के नेतृत्व में आरपीएफ, जीआरपी, फायर ब्रिगेड एवं चिकित्सा टीम मौके पर पहुंची।रेलकर्मियों ने घायलों को तत्काल स्ट्रेचर पर रखकर अस्पताल पहुंचाया। रेलवे ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वित प्रक्रिया का आकलन करना तथा उसे और अधिक सुदृढ़ बनाना था।
मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी लापरवाही को लेकर अधिकारियों ने कड़ी निगरानी रखी। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील लोगों से की गई।मॉक ड्रिल मालदा मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के निर्देश पर डीआरएम मनोज कुमार के मार्गदर्शन में तथा आरपीएफ के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार के पर्यवेक्षण में हुआ।




