आधारभूत संरचना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतरने पर हुई मंथन
मैथन / धनबाद: डीवीसी मैथन परियोजना के एनएचपी सम्मेलन कक्ष में शनिवार को डीवीसी चेयरमैन एस सुरेश कुमार एवं धनबाद जिले के वरीय अधिकारियों के बीच एक समन्वय बैठक हुई। बैठक में क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों तथा विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत एवं सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया। बैठक में समन्वित प्रयासों के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने तथा बाँध व सड़क सुरक्षा में बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर डीवीसी के चेयरमैन ने कहा कि डीवीसी एवं जिला प्रशासन के बीच इस प्रकार की समन्वय बैठकें क्षेत्रीय विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अत्यंत सहायक सिद्ध होंगी। उन्होंने सभी विभागों से आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि विकास कार्यों को और अधिक गति दी जा सके तथा आमजनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।






















