महगामा/ प्रतिनिधि : प्रखंड के जमायडीह गांव में आयोजित एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त जोश देखने को मिला। टूर्नामेंट का उद्घाटन समाजसेवी सह भावी मुखिया प्रत्याशी शोएब आलम एवं कमिटी सदस्यों द्वारा फीता काटकर किया गया।
उद्घाटन के मौके पर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया गया और खेल को भाईचारे का माध्यम बताया गया। फाइनल मुकाबला जमायडीह और अमडीहा टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जमायडीह की टीम ने निर्धारित 6 ओवर में 67 रन बनाए और 68 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में अमडीहा की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।
विजेता टीम अमडीहा को शोएब आलम के हाथों 8001 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता टीम जमायडीह को कमिटी द्वारा 6001 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। टूर्नामेंट को सफल बनाने में मु० इमरान, मु० मुजाहिद, मु० शमीम, मु० परवेज, मु० कैफ एवं मु० इनामुल सहित अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और पूरे माहौल में खेल भावना व आपसी भाईचारे की मिसाल देखने को मिली।























