पथरगामा/ प्रतिनिधि : प्रखंड कांग्रेस कमेटी ने राज रेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता आयोजित कर गोड्डा जिले में अवैध बालू खनन और तस्करी के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया। पार्टी नेताओं ने इसे जिले की अस्मिता और आम जनता की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए इसके स्थायी समाधान की मांग की।
जिप सदस्य मो. अरशद बहाव ने विधायक प्रदीप यादव के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके हस्तक्षेप के कारण क्षेत्र में शांति लौटी है और लोगों में सुरक्षा का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन से आम जनता लंबे समय से परेशान थी। प्रखंड महासचिव भूदेव पंडित ने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी गरीब मजदूर या छोटे स्तर पर बालू उपयोग करने वालों के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का विरोध उन संगठित गिरोहों के खिलाफ है, जो हाईवा और जेसीबी के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध खनन कर बालू की तस्करी करते हैं।
नेताओं ने आरोप लगाया कि पथरगामा थाना क्षेत्र के गेरुआ नदी घाटों से बड़े स्तर पर बालू की निकासी कर अन्य राज्यों में सिंडिकेट के माध्यम से भेजा जा रहा था, जिससे क्षेत्र में अशांति फैली और कई निर्दोष ग्रामीणों की जान भी गई।कांग्रेस कमेटी ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि बालू घाटों की पारदर्शी नीलामी प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए और घाटों का प्रबंधन ग्राम सभा को सौंपा जाए। उनका कहना है कि इससे अवैध खनन पर रोक लगेगी, स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और सरकार को राजस्व भी प्राप्त होगा।प्रखंड उपाध्यक्ष पंकज चौधरी ने विधायक प्रदीप यादव को जनहित का मजबूत नेता बताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से अवैध वसूली बंद हुई और रैयतों को उचित मुआवजा मिला है।
अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि अवैध बालू कारोबार दोबारा शुरू हुआ तो पार्टी आम जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ब्रह्म, मोहम्मद खुर्शीद आलम, प्रकाश दास, जितेंद्र कुमार मेहरा, उज्जवल कुमार भगत, जय नारायण महतो, मनीष कुमार राय, यदुनंदन यादव, मदन राणा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
























